आरा रेलवे स्टेशन से कुख्यात दानी यादव गिरफ्तार, 23 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज
बिहार के भोजपुर जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जिले के कुख्यात अपराधी दानी यादव को पुलिस ने आरा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। दानी यादव के खिलाफ भोजपुर, बक्सर और जीआरपी समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
मंगलवार को जगदीशपुर एसडीपीओ रवि कुमार ने प्रेसवार्ता कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दानी यादव बिहिया थाना क्षेत्र के तियर-बिहिया पथ स्थित अस्पताल रोड का रहने वाला है। वह स्वर्गीय द्वारिका यादव का पुत्र है।
दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दानी यादव की गतिविधियां आरा में देखी गई हैं और वह रेलवे स्टेशन के आसपास मौजूद हो सकता है। सूचना मिलने के बाद भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
इस टीम में भोजपुर जिला आसूचना इकाई यानी डीआईयू, बिहिया थानाध्यक्ष विपिन बिहारी, अपर थानाध्यक्ष रामकुमार और एसटीएफ के जवान शामिल थे। टीम ने तकनीकी जानकारी और आपसी समन्वय के आधार पर कार्रवाई की और आरा रेलवे स्टेशन से दानी यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, दानी यादव बिहिया थाना कांड संख्या 303/26 और 308/26 में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों में से कई में वह जमानत पर था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस को दानी यादव के खिलाफ रंगदारी से जुड़ी शिकायतें भी मिली थीं। अब संगठित अपराध में उसकी भूमिका और अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वह आरा रेलवे स्टेशन क्यों पहुंचा था और उसकी क्या योजना थी।
भोजपुर पुलिस ने इस गिरफ्तारी को महत्वपूर्ण सफलता बताया है। फिलहाल, आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।