अब वीडियो कॉल से होगी आंगनबाड़ी केंद्रों की निगरानी, पूरे बिहार में लागू होगी नई व्यवस्था
विभागीय निर्देश के अनुसार इस व्यवस्था की शुरुआत फिलहाल पूर्णिया जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की गई है। प्रारंभिक सफलता के बाद इसे अगले महीने से पूरे बिहार में लागू करने की तैयारी है।
अब केंद्र पर जाकर ही बनानी होगी हाजिरी
नई व्यवस्था के तहत महिला पर्यवेक्षकों को संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुंचकर वीडियो कॉल के जरिए अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि निगरानी केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि वास्तविक रूप से केंद्रों का निरीक्षण किया जाए।
समाज कल्याण विभाग ने सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (DPO) को निर्देश दिया है कि वे इस प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू कराएं और इसकी नियमित मॉनिटरिंग करें।
पोषाहार और बच्चों की देखभाल पर रहेगा फोकस
विभाग का मानना है कि नई व्यवस्था से आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषाहार वितरण, बच्चों की उपस्थिति, स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों और अन्य सेवाओं की निगरानी बेहतर होगी। साथ ही केंद्रों में होने वाली संभावित अनियमितताओं पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।
भीषण गर्मी को देखते हुए बदला समय
राज्य में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए समाज कल्याण विभाग ने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव करने का भी निर्देश दिया है। जिलों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार समय निर्धारित करने की छूट दी गई है। साथ ही कहा गया है कि पोषाहार वितरण के बाद बच्चों को जल्द घर भेज दिया जाए, ताकि वे तेज धूप और गर्मी से सुरक्षित रह सकें।