अब खुद भरें जनगणना फॉर्म : सचिव ने की स्व-गणना, लोगों से की बड़ी अपील
सचिव ने बताया कि 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक नागरिक जनगणना पोर्टल पर जाकर अपने परिवार, घर और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी खुद ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में कुल 33 सवालों के जवाब देने होते हैं, जिसके बाद प्रत्येक परिवार को एक यूनिक SE ID मिलती है। यह आईडी आगे सत्यापन के समय बेहद जरूरी होगी, इसलिए इसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 2 मई से 31 मई 2026 के बीच प्रगणक घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। जो लोग पहले ही स्व-गणना कर चुके होंगे, उन्हें केवल अपनी SE ID दिखानी होगी, जबकि बाकी परिवारों का डेटा प्रगणक खुद दर्ज करेंगे।
सचिव ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारियां जनगणना अधिनियम 1948 के तहत पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं और उनका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण में किया जाता है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया न केवल आसान और सुरक्षित है, बल्कि देश और राज्य के विकास में हर नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करती है। “जनगणना सिर्फ आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि भविष्य की योजनाओं की मजबूत नींव है,” उन्होंने कहा।
समाज कल्याण विभाग ने सभी नागरिकों से इस डिजिटल सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने और जनगणना–2027 को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है।