अब रविवार को भी होगा जमीन-फ्लैट का रजिस्ट्रेशन: मार्च में खुले रहेंगे सभी निबंधन कार्यालय

 
Bihar News: बिहार में जमीन और फ्लैट खरीदने-बेचने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने मार्च महीने में सभी रविवार को भी निबंधन कार्यालय खोलने का फैसला लिया है। प्रोहीबिशन, एक्साइज़ एंड रजिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट बिहार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन दिनों भी आम कार्यदिवस की तरह जमीन और फ्लैट का निबंधन किया जाएगा।

सरकार का कहना है कि यह कदम खासतौर पर उन लोगों की सुविधा के लिए उठाया गया है, जिन्हें कामकाजी दिनों में रजिस्ट्रेशन कराने में परेशानी होती है। अब वे छुट्टी के दिन भी आसानी से अपने दस्तावेजों का निबंधन करा सकेंगे।

छुट्टियों में बढ़ा रजिस्ट्रेशन का ट्रेंड

विभाग ने जनवरी 2026 से ही रविवार और अन्य छुट्टियों में निबंधन कार्यालय खोलने की पहल शुरू की थी। इसका फायदा यह हुआ कि कामकाजी लोग छुट्टी के दिन बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचने लगे।

आंकड़ों के मुताबिक जनवरी के चार रविवार को कुल 3,324 दस्तावेजों का निबंधन हुआ, जिससे सरकार को 21 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व मिला।
    •    4 जनवरी: 141 दस्तावेज, करीब 85 लाख रुपये राजस्व
    •    11 जनवरी: 540 दस्तावेज, लगभग 3 करोड़ रुपये
    •    18 जनवरी: 901 दस्तावेज, करीब 6 करोड़ रुपये
    •    25 जनवरी: 1,742 दस्तावेज, करीब 11.55 करोड़ रुपये

फरवरी में भी मिला अच्छा राजस्व

फरवरी के सिर्फ दो रविवार में ही करीब 3,000 दस्तावेजों का निबंधन हुआ और विभाग को 20 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।

सरकार का मानना है कि रविवार को कार्यालय खुले रहने से न सिर्फ लोगों को सुविधा मिल रही है, बल्कि राज्य के राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हो रही है।