कारगिल विजय दिवस पर डॉ. प्रेम कुमार ने शहीद जवानों को किया नमन, कारगिल चौक पर अर्पित की श्रद्धांजलि
Bihar news: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने रविवार को गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक पर माल्यार्पण कर शहीद सैनिकों के शौर्य, पराक्रम और अदम्य साहस को नमन किया।
इस मौके पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के उन वीर सैनिकों की याद दिलाता है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। भारतीय जवानों का साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने ऑपरेशन विजय के तहत कारगिल युद्ध में निर्णायक जीत हासिल कर देश की सीमाओं की रक्षा की थी। करीब 18 हजार फीट की ऊंचाई पर विषम परिस्थितियों में भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए घुसपैठियों को खदेड़ दिया था।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कारगिल की विजय केवल एक सैन्य सफलता नहीं थी, बल्कि यह भारत के अटूट संकल्प, राष्ट्रभक्ति और सामर्थ्य का प्रमाण भी है। देश हमेशा अपने वीर शहीदों के बलिदान को याद रखेगा और उनके प्रति कृतज्ञ रहेगा।