विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर सहकारिता विभाग का संकल्प, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली बाल श्रम उन्मूलन की शपथ

 
Bihar news: विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर बिहार सरकार के सहकारिता विभाग में गुरुवार को विशेष शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के प्रति कर्मचारियों एवं अधिकारियों की प्रतिबद्धता को मजबूत करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारिता विभाग के अपर सचिव अभय कुमार सिंह ने की। इस दौरान विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मियों ने सामूहिक रूप से शपथ लेते हुए यह संकल्प लिया कि वे किसी भी रूप में बाल श्रम को बढ़ावा नहीं देंगे और बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा तथा सम्मानजनक जीवन दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उपस्थित कर्मियों ने बाल श्रम के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने, बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने तथा बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का भी संकल्प लिया।

इस अवसर पर अपर सचिव अभय कुमार सिंह ने कहा कि बाल श्रम केवल एक सामाजिक समस्या नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ अन्याय है। इसके उन्मूलन के लिए सरकार, प्रशासन और समाज के सभी वर्गों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के अंत में विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाल श्रम मुक्त भारत के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और इस दिशा में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।