एक बैठक, कई बड़े फैसले- कंप्यूटर परीक्षा से पेंशन तक सख्त निर्देश, अफसरों को टाइमलाइन में काम निपटाने का अल्टीमेटम

 
Bihar News: ग्रामीण कार्य विभाग में कामकाज को तेज, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए बड़ी प्रशासनिक पहल की गई है। अपर सचिव संजय कुमार की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों की गहन पड़ताल की गई और कई अहम फैसले लिए गए।

बैठक में साफ निर्देश दिया गया कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा गया कि काम में देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

तकनीकी दक्षता को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। जिन कनीय अभियंताओं ने अब तक कंप्यूटर सक्षमता परीक्षा पास नहीं की है, उन्हें तुरंत नोटिस देकर जल्द परीक्षा पास करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को व्यक्तिगत स्तर पर संपर्क कर ऐसे अभियंताओं को जागरूक करने को भी कहा गया।

वहीं, सेवानिवृत्त कर्मियों के लंबित पेंशन और अन्य सेवान्त लाभों को लेकर भी विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। अपर सचिव ने स्पष्ट कहा कि ऐसे सभी मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाए, ताकि रिटायर कर्मचारियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

इसके अलावा, एचआरएमएस पोर्टल पर लंबित मामलों को जल्द से जल्द पूरा करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

यह बैठक सिर्फ समीक्षा तक सीमित नहीं रही, बल्कि विभागीय कार्यशैली में तेजी और पारदर्शिता लाने के लिए कड़े संदेश के तौर पर देखी जा रही है।