दरभंगा की VIP सड़क पर मौत का ‘खुला चेंबर’! कर्पूरी चौक के पास अंडरग्राउंड नाला बना बड़ा खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनभर इस मार्ग से सैकड़ों वाहन और पैदल यात्री गुजरते हैं। ऐसे में जरा सी चूक भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। खासकर रात के अंधेरे और बारिश के दौरान यह खतरा और बढ़ जाता है, जब सड़क पर पानी भर जाने से खुला चेंबर दिखाई नहीं देता।
दुकानदारों और आसपास के नागरिकों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार मौखिक शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि देशभर में खुले मैनहोल और नालों की वजह से दर्दनाक हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके संबंधित विभाग लापरवाह बना हुआ है।
लोगों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल चेंबर को ढककर सुरक्षित किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय हो। शहरवासियों का कहना है कि प्रशासन को किसी अनहोनी का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि समय रहते पुख्ता इंतजाम कर जनसुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
अब सवाल यही है कि क्या जिम्मेदार महकमा चेत जाएगा, या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्रवाई होगी?