पटना में शुरू हुई ओपन डबल डेकर बस सेवा, गंगा दर्शन का मिलेगा नया अनुभव

 

Patna: पटना अब मुंबई की तरह पर्यटकों को ओपन डबल डेकर बस की सैर कराने के लिए तैयार है। मंगलवार को बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) ने जेपी गंगा पथ पर इस अनोखी सेवा की शुरुआत की। पर्यटन मंत्री राजू सिंह ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।

यह बस दीघा रोटरी से कंगन घाट तक करीब 15 किलोमीटर का सफर तय करेगी। रास्ते में यात्री गांधी घाट, सभ्यता द्वार, दरभंगा हाउस, महात्मा गांधी सेतु, चित्रगुप्त मंदिर और कंगन घाट जैसे दर्शनीय स्थलों का आनंद ले सकेंगे।

बस की खासियतें
    •    सीटें : कुल 40 (20 एसी सीटें नीचे, 20 ओपन सीटें ऊपर)
    •    सुविधाएं : टॉयलेट, रेफ्रिजरेटर और गाइड की व्यवस्था
    •    समय : रोजाना शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक
    •    किराया : एक तरफ ₹50, दोनों तरफ ₹100 प्रति यात्री

बस में मौजूद टूर गाइड रास्ते में आने वाले हर ऐतिहासिक स्थल की जानकारी यात्रियों को देंगे। खास बात यह है कि यह सफर ढलते सूरज और रात में रोशनी से सजे गंगा तट – दोनों ही नजारों का अनुभव कराएगा।

पर्यटन मंत्री राजू सिंह ने कहा कि यह सेवा गंगा दर्शन का शानदार अनुभव कराएगी और बिहार पर्यटन को नई पहचान देगी। वहीं, BSTDC के प्रबंध निदेशक नंद किशोर ने भरोसा जताया कि इस पहल से स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और राज्य को पर्यटन के नक्शे पर और मजबूती मिलेगी।

उद्घाटन मौके पर मुख्य अभियंता सुनील कुमार सुमन, प्रबंधक परिवहन रत्नेश कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।