पटना समेत 25 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, आंधी-बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें...15 लोगों की मौत

Bihar Weather Update: पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू झेल रहे बिहार के लोगों को बारिश से राहत जरूर मिली है. मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है. हालांकि राहत के साथ-साथ मौसम का यह बदला हुआ रूप खतरा भी लेकर आया है.
 

Bihar Weather Update: बिहार में मौसम ने अचानक ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि कई जिलों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया. तेज आंधी, मूसलाधार बारिश, वज्रपात और तूफानी हवाओं के कारण राज्य में अब तक 15 लोगों की मौत की खबर सामने आई है. खराब मौसम का असर सिर्फ आम जनजीवन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हवाई और रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं. मौसम विभाग ने पटना समेत 25 जिलों के लिए आज भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

100 किमी प्रति घंटे तक चली हवाएं

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार कई जिलों में तेज आंधी के दौरान हवा की रफ्तार 70 से 105 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई. राजधानी पटना में सबसे तेज 107 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. कई जगह पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर गए और सड़कों पर यातायात बाधित हो गया.

15 लोगों की मौत, कई घायल

आंधी-तूफान और बारिश के दौरान पेड़ गिरने, दीवार ढहने और वज्रपात की घटनाओं में कई लोगों की जान गई. प्रशासन की शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार मृतकों की संख्या 15 तक पहुंच चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. प्रभावित परिवारों को राहत राशि देने की प्रक्रिया शुरू की गई है.

शुक्रवार को राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में अचानक आए भीषण तूफान, मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने के कारण अलग-अलग हादसों में 15 से अधिक लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मौसम के इस रौद्र रूप के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है और राज्य के बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है. आज शनिवार को भी 25 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

फ्लाइट्स डायवर्ट और ट्रेनें थमीं, यात्री परेशान

शुक्रवार को पटना और आसपास के इलाकों में मौसम इस कदर खराब हुआ कि हवाई और रेल यातायात पूरी तरह चरमरा गया. तेज हवाओं और बेहद कम विजिबिलिटी के कारण पटना एयरपोर्ट पर आने वाले 4 विमानों को दूसरे शहरों के लिए डायवर्ट करना पड़ा. इसके अलावा, करीब 18 जोड़ी (36 फ्लाइट्स) उड़ानें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से संचालित हुईं. इस अफरा-तफरी के कारण पटना हवाई अड्डे पर 500 से अधिक यात्रियों को घंटों फंसा रहना पड़ा और भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. हवाई यातायात के साथ-साथ रेल सेवा पर भी इसका बुरा असर पड़ा; कई प्रमुख रूटों पर रेल पटरियों और ओवरहेड तारों पर पेड़ गिरने से ट्रेनें घंटों जहां-तहां खड़ी रहीं.

पटना समेत कई जिलों में सुबह ही छाया अंधेरा

मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को राज्य में सबसे ज्यादा बारिश सीवान जिले में दर्ज की गई. जहां 135.4 मिलीमीटर (mm) पानी बरसा. इसके अलावा पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में 116 mm, गोपालगंज के विजयपुर में 101 mm और राजधानी पटना में 68 mm बारिश रिकॉर्ड की गई. बीते 24 घंटों के दौरान पटना समेत करीब 20 जिलों में सुबह 8 बजे ही घने बादलों के कारण पूरी तरह अंधेरा छा गया. जिससे सड़कों पर वाहनों को हेडलाइट जलानी पड़ी. इस मूसलाधार बारिश के बाद कई शहरों के निचले इलाकों में भारी जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है. राहत की बात यह रही कि बारिश के कारण पारे में भारी गिरावट आई और कैमूर का भभुआ 34.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा.