कैबिनेट से बाहर, अब दिल्ली दरबार की तैयारी! मंगल पांडे को BJP में मिल सकती है बड़ी राष्ट्रीय जिम्मेदारी
चर्चाओं के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व अब मंगल पांडे को राज्य की राजनीति से निकालकर राष्ट्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी में है। सूत्रों की मानें तो उन्हें भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में शामिल कर ‘राष्ट्रीय महासचिव’ जैसे प्रभावशाली पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में मंगल पांडे अहम चेहरों में शामिल हो सकते हैं। पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन के बाद केंद्रीय कार्यकारिणी के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज हो चुकी है और संगठन में अनुभवी नेताओं को नई जिम्मेदारियां देने की कवायद चल रही है।
हालिया मंत्रिमंडल विस्तार में मंगल पांडे को जगह नहीं मिलने के बाद कई तरह की राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि अब इसे पार्टी की बड़ी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। माना जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व ने उनके लिए राज्य से बाहर राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका तय कर रखी है।
सूत्रों के अनुसार, अगले एक महीने के भीतर भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम का औपचारिक ऐलान हो सकता है। आगामी लोकसभा चुनाव और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की तैयारी में जुटी है। ऐसे में मंगल पांडे का नाम सबसे मजबूत दावेदारों में माना जा रहा है।
गौरतलब है कि मंगल पांडेय बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और कई राज्यों में चुनाव प्रभारी के तौर पर भी पार्टी के लिए अहम भूमिका निभा चुके हैं। संगठन पर उनकी मजबूत पकड़ और चुनावी रणनीति के अनुभव को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना को काफी मजबूत माना जा रहा है।