बिहार में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बड़ा एक्शन: 2 लाख से ज्यादा ई-चालान लंबित, ब्लैकलिस्ट वाहनों की होगी जब्ती

 

 

Patna Traffic News: बिहार में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। लंबे समय से ई-चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहन मालिकों पर अब कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन वाहनों की आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) ब्लैकलिस्ट कर दी गई है, वे यदि सड़क पर चलते हुए पकड़े गए तो उन्हें तत्काल जब्त किया जाएगा।

राज्यभर में दो लाख से अधिक ई-चालान अब भी लंबित हैं। ऐसे मामलों में परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज करते हुए संबंधित वाहनों की सूची ट्रैफिक पुलिस को सौंप दी है, ताकि विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसा जा सके।

राजधानी पटना में अब तक करीब 35 हजार वाहनों की आरसी ब्लैकलिस्ट की जा चुकी है। वहीं, पूरे बिहार में लगभग एक लाख और वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जिला स्तर पर सूची तैयार की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई शुरू होगी।

परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिन वाहन मालिकों ने कई बार नोटिस और चेतावनी मिलने के बावजूद ई-चालान की राशि जमा नहीं की, उनके खिलाफ यह कदम उठाया गया है। कई वाहनों पर पिछले सात-आठ वर्षों से चालान लंबित हैं, जबकि कुछ वाहनों पर पांच या उससे अधिक ई-चालान बकाया हैं।

सबसे अधिक कार्रवाई दोपहिया वाहनों पर हुई है। पटना में ब्लैकलिस्ट किए गए 35 हजार वाहनों में करीब 29 हजार बाइक और स्कूटर शामिल हैं। इन पर हेलमेट नहीं पहनने, गलत दिशा में वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, रेड सिग्नल तोड़ने, पीछे बैठे व्यक्ति द्वारा हेलमेट नहीं पहनने और अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के मामले दर्ज हैं।

परिवहन विभाग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है। विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने सभी लंबित ई-चालानों का जल्द से जल्द भुगतान कर दें। अन्यथा उनकी आरसी ब्लैकलिस्ट रहने के साथ-साथ वाहन जब्त होने जैसी कठोर कार्रवाई भी की जा सकती है।