पटना के मनेर में पैक्स अध्यक्ष की हत्या, प्रखंड प्रमुख के पति को भी लगी गोली

बिहार की राजधानी पटना से सटे मनेर के ब्यापुर गांव (या वयापुर) के मस्जिद गली में दुर्गा पूजा की अष्टमी की रात बेखौफ अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू की गोली मारकर हत्या कर दी. 
 

बिहार की राजधानी पटना से सटे मनेर के ब्यापुर गांव (या वयापुर) के मस्जिद गली में दुर्गा पूजा की अष्टमी की रात बेखौफ अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू की गोली मारकर हत्या कर दी. बचाने पहुंचे प्रखंड प्रमुख पति को भी गोली लगी है. उनकी स्थिति भी नाजुक बताई जा रही है. मामला मनेर थाना क्षेत्र के ब्यापुर गांव का है.

दरअसल, रविवार की देर रात्रि में अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू और प्रखंड प्रमुख रिंकी देवी के पति पिंटू कुमार पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी. इस घटना में गंभीर रूप से घायल पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू की मौत हो गई है, जबकि पिंटू कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी है.

ब्यापुर गांव निवासी पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू और प्रखंड प्रमुख पति पिंटू कुमार एक साथ पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार के दलान में बैठे थे. इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अपराधी प्रखंड प्रमुख पति के घर के समीप पहुंचे. अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. गोलीबारी के दौरान पैक्स अध्यक्ष को बचाने के लिए प्रखंड प्रमुख पति पिंटू कुमार आगे आए. इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें भी गोली मार दी. गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए दानापुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू की मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. साथ ही गोलीबारी के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है. इधर घटना की सूचना मिलने के बाद दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा भी मौके वारदात पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं. घटना के पीछे चुनावी रंजिश बताया जा रहा है.

दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि मनेर थाना क्षेत्र के बयापुर गांव में रविवार की रात में अज्ञात बाइक सवार अपराधियों के द्वारा प्रमुख पति पिंटू कुमार और पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार पर फायरिंग की गई. जिसमें दोनों लोगों को एक-एक गोली लगी. संजीत कुमार के सीने में गोली फांसी हुई थी, जबकि पिंटू कुमार के जांघ में गोली लगी है. लेकिन इस दौरान संजीत कुमार की मौत हो गई. पिंटू कुमार का इलाज चल रहा है. घटना के पीछे के कारण पुरानी और चुनावी रंजिश बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. साथ ही फरार अपराधियों की गिरफ्तारी में पुलिस की टीम लगी हुई है.