धूमधाम से मना पनोरमा ग्रुप का 10वां वर्षगांठ, अगले एक साल में 9 जिलों में शुरू होगा विस्तार – संजीव मिश्रा

 

Purnia: सोमवार को शहर के एक निजी मैरेज हॉल में पनोरमा ग्रुप का 10वां वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। इस मौके पर संस्था के सैकड़ों कर्मचारी, ग्राहक और शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आकर्षक सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे समारोह को खास बना दिया। बच्चों और युवाओं ने नृत्य, संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों से माहौल को और भी उत्सवमय कर दिया। इस दौरान कंपनी के वरिष्ठ कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने लंबे समय तक संस्था की सफलता में अहम योगदान दिया है।

“गरीबी से निकली मेरी प्रेरणा” – संजीव मिश्रा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा,
“बचपन से मेरा सपना था कि हर किसी के पास अपना घर हो। गरीबी और संघर्ष के दिनों में मेरे पास भी घर नहीं था। सुपौल के एक छोटे से गांव से निकलकर पढ़ाई के लिए पूर्णिया आया और फिर नौकरी की तलाश में दूसरे प्रदेश गया। कठिनाइयों के बीच पनोरमा ग्रुप की नींव रखी और आज यह 10 साल की यात्रा आप सबके भरोसे और आशीर्वाद से ही संभव हुई है।”

9 जिलों तक विस्तार की योजना

संजीव मिश्रा ने आगे कहा कि पिछले दस वर्षों में पनोरमा ग्रुप ने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन कर्मचारियों और ग्राहकों के सहयोग से नई ऊंचाइयां हासिल कीं।
उन्होंने बताया कि अब कंपनी का लक्ष्य है कि वर्ष 2026 तक बिहार के 9 जिलों में अपने प्रोजेक्ट्स शुरू किए जाएं।

सपनों के घर से लेकर अस्पताल और स्कूल तक

पिछले एक दशक में पनोरमा ग्रुप ने पूर्णिया, कटिहार और अररिया में कई आधुनिक आवासीय और व्यावसायिक प्रोजेक्ट्स पूरे किए। इससे न केवल लोगों को अपने सपनों का घर मिला, बल्कि हज़ारों रोजगार के अवसर भी बने।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कंपनी ने योगदान दिया है। सुपौल के छातापुर में पनोरमा अस्पताल और पनोरमा पब्लिक स्कूल इसकी मिसाल हैं। वहीं पूर्णिया शहर एयरपोर्ट जैसी बड़ी परियोजना से नई पहचान बना रहा है।

“सिर्फ उपलब्धियां नहीं, भरोसे की कहानी”

सीएमडी संजीव मिश्रा ने कहा,
“इन दस वर्षों में हमने रोजगार के रास्ते खोले, शिक्षा और स्वास्थ्य में योगदान दिया और शहरीकरण को गति दी। यह सफर केवल उपलब्धियों का नहीं, बल्कि आप सबके विश्वास और समर्थन की कहानी है। आगे का सफर और भी बड़ा होगा, क्योंकि अब हमारा सपना है समाज को नई ऊंचाइयों तक ले जाना।”

केक काटकर हुई समापन की शुरुआत

कार्यक्रम के अंत में केक काटकर वर्षगांठ का जश्न मनाया गया। उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच पनोरमा ग्रुप के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और समारोह का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।