परबत्ता विधायक डॉ. संजीव कुमार ने माता स्मृतिषेष बिंदु सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर किया स्मरण, क्षेत्र को दी तीन सड़कों की सौगात

 

परबत्ता: परबत्ता विधायक डॉ. संजीव कुमार एवं बेगूसराय-खगड़िया विधान परिषद सदस्य राजीव कुमार ने सोमवार को अपनी पूज्य माता स्मृतिषेष बिंदु सिंह की चौथी पुण्यतिथि भावुक श्रद्धांजलि के साथ मनाई। इस अवसर पर नयागांव सत्खुट्टी स्थित बिंदु सिंह विवाह भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ।

सभा में हजारों की संख्या में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल हुए और स्व. बिंदु सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। श्रद्धांजलि स्थल पर जनसैलाब उमड़ पड़ा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत विधायक डॉ. संजीव कुमार ने परबत्ता प्रखंड की जनता को विकास की सौगात देते हुए तीन महत्वपूर्ण सड़कों का शिलान्यास किया।

कन्हैया चक गांव – पोखर से प्राथमिक विद्यालय तक जाने वाली सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। यह सड़क लगभग 15 वर्ष पूर्व तत्कालीन मंत्री स्व. आर.एन. सिंह द्वारा बनवाई गई थी, जो अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी थी। वर्षों बाद अधूरी मांग पूरी होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।

खीराडीह गांव – लंबे समय से लंबित मुख्य सड़क का शिलान्यास किया गया। विधायक ने आश्वासन दिया कि जल्द ही खीराडीह पंचायत में अस्पताल का भी निर्माण कराया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होगा।

डुमरिया बुजुर्ग गांव – मुख्य सड़क का विधिवत शिलान्यास कर ग्रामीणों से संवाद किया गया।

हर जगह स्थानीय जनता ने विधायक की सक्रियता और विकास कार्यों की सराहना की।

अपने संबोधन में विधायक डॉ. संजीव कुमार ने कहा, “माता जी के संस्कार ने ही मुझे जनता की सेवा के लिए प्रेरित किया है। परबत्ता की जनता से किया गया हर वादा मेरे लिए संकल्प है। विकास ही मेरा धर्म और परबत्ता को आदर्श क्षेत्र बनाना ही मेरा लक्ष्य है।”

साथ ही उन्होंने चुनावी माहौल को लेकर कहा कि आने वाले समय में अनेक “तीतर-बटेर” सामने आएँगे, लेकिन जनता को एकजुट रहकर क्षेत्र के विकास के पक्ष में खड़ा होना है।