पटना मेट्रो को मिली नई रफ्तार: 2 जुलाई को मलाही पकड़ी तक विस्तार का उद्घाटन, सीएम सम्राट चौधरी ने तय की सख्त डेडलाइन
Patna: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना मेट्रो रेल परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और तय समयसीमा के भीतर सभी चरणों को पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परियोजना की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और नियमित निगरानी के जरिए हर चरण की प्रगति सुनिश्चित की जाएगी।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना के प्रत्येक चरण के लिए स्पष्ट टाइमलाइन निर्धारित की जाए और उसी के अनुरूप कार्यों को समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग स्थानों पर समानांतर रूप से निर्माण कार्य तेज किया जाए, ताकि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2 जुलाई 2026 को मलाही पकड़ी तक पटना मेट्रो के विस्तारित खंड का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने इसे बिहार में आधुनिक और सुदृढ़ शहरी परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
बैठक में निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को होने वाली परेशानियों को कम करने पर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार कर उसका कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए, ताकि यातायात प्रभावित न हो और नागरिकों को न्यूनतम असुविधा का सामना करना पड़े।
सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि परियोजना की लगातार मॉनिटरिंग और समय-समय पर समीक्षा की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा को तुरंत दूर कर निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पटना मेट्रो परियोजना राजधानी की यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाने के साथ-साथ लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।