पटना मेट्रो का बढ़ा दायरा: गुरुवार से शुरू होगा मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन, कंकड़बाग-राजेंद्रनगर के लोगों को बड़ी राहत

 

Patna Metro News: राजधानी पटना में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गुरुवार से मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुबह 11:45 बजे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे और मेट्रो सेवा के विस्तार का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही पटना मेट्रो का नेटवर्क शहर के और बड़े हिस्से तक पहुंच जाएगा।

अब कंकड़बाग और राजेंद्रनगर तक आसान होगी पहुंच

मलाही पकड़ी स्टेशन शुरू होने के बाद मेट्रो सेवा का विस्तार भूतनाथ से आगे बढ़कर कंकड़बाग और राजेंद्रनगर क्षेत्र तक हो जाएगा। इससे हजारों दैनिक यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा।

फिलहाल इस रूट पर मलाही पकड़ी, भूतनाथ, जीरो माइल और बैरिया आईएसबीटी समेत कुल चार स्टेशन संचालित होंगे। हालांकि खेमनीचक मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य अभी जारी है।

16 मिनट में तय होगा 6.2 किलोमीटर का सफर

मलाही पकड़ी से बैरिया आईएसबीटी तक की 6.2 किलोमीटर की दूरी मेट्रो महज 16 मिनट में पूरी करेगी। यात्रियों के लिए सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक हर 35 मिनट पर मेट्रो उपलब्ध रहेगी। फिलहाल इस रूट पर एक ही ट्रेन का संचालन किया जाएगा।

किराया 30 रुपये तय

मलाही पकड़ी से बैरिया आईएसबीटी तक यात्रा करने वाले यात्रियों को 30 रुपये किराया देना होगा। यह इस समय इस कॉरिडोर का अधिकतम किराया होगा।

उद्घाटन के दिन सेवाएं रहेंगी बंद

मेट्रो प्रशासन ने बताया है कि उद्घाटन समारोह के कारण गुरुवार को कुछ समय के लिए मेट्रो सेवाएं स्थगित रहेंगी। कार्यक्रम पूरा होने के बाद नियमित रूप से मलाही पकड़ी स्टेशन से मेट्रो का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाएं।

सहायता के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

मेट्रो यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर 9217080421 और पटना मेट्रो हेल्पलाइन 155370 जारी किया गया है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए यात्री इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

राजधानी की यातायात व्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार

सरकार का मानना है कि पटना मेट्रो का विस्तार होने से राजधानी में सार्वजनिक परिवहन और मजबूत होगा। इससे सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, यात्रा का समय बचेगा और लोगों को आधुनिक व सुरक्षित परिवहन सुविधा का लाभ मिलेगा। आने वाले समय में मेट्रो नेटवर्क के और विस्तार के साथ राजधानी के अधिक इलाकों को इससे जोड़ने की योजना है।