बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पटना पुलिस अलर्ट, प्रचार खत्म होने के बाद प्रचार किया तो दर्ज होगी FIR; 14 CAPF कंपनियां तैनात

 

Bihar news: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पटना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रचार की निर्धारित समय-सीमा खत्म होने के बाद यदि कोई व्यक्ति चुनाव प्रचार करता पाया गया, तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की नजर रात के समय मतदाताओं को किसी भी तरह का प्रलोभन देने या उन्हें प्रभावित करने की कोशिश करने वालों पर भी रहेगी।

बांकीपुर छोड़ने होंगे बाहरी लोग

एसएसपी ने निर्देश दिया है कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के जो लोग स्थानीय निवासी या मतदाता नहीं हैं और चुनाव प्रचार के लिए क्षेत्र में आए थे, उन्हें प्रचार की समय-सीमा समाप्त होने के बाद निर्वाचन क्षेत्र से बाहर जाना होगा। चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए पटना पुलिस की ओर से शहर के अलग-अलग हिस्सों में सघन वाहन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चुनाव के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ मतदाताओं को प्रभावित करने के प्रयासों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

14 CAPF कंपनियों के साथ जिला पुलिस और होमगार्ड संभालेंगे मोर्चा

मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि बांकीपुर उपचुनाव में 14 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) कंपनियों के अलावा पटना जिला पुलिस और होमगार्ड के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे।

पुलिस प्रशासन का लक्ष्य मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना है।

AN कॉलेज में बनेगा वज्र गृह, EVM की होगी कड़ी सुरक्षा

ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने बताया कि मतदान समाप्त होने के बाद सभी ईवीएम को सुरक्षित रखने के लिए पटना के एएन कॉलेज परिसर में वज्र गृह (स्ट्रांग रूम) बनाया जाएगा। मतदान के बाद बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की सभी ईवीएम को निर्धारित प्रक्रिया के तहत यहां लाकर कड़ी सुरक्षा के बीच रखा जाएगा।

बोरिंग रोड से AN कॉलेज जाने वाला रास्ता रहेगा बंद

ईवीएम को वज्र गृह तक पहुंचाने और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एएन कॉलेज के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। ट्रैफिक एसपी के मुताबिक, बोरिंग रोड चौराहे से एएन कॉलेज की ओर जाने वाला मार्ग आम लोगों के लिए बंद रहेगा। इस दौरान लोगों को आने-जाने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पुलिस और प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा बलों की तैनाती, वाहन जांच और बाहरी लोगों की निगरानी के साथ प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या आचार संहिता के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।