सड़कों पर पैदल यात्रियों को मिलेगी पहली प्राथमिकता, सरकार लाएगी जेब्रा क्रॉसिंग, फुट ओवरब्रिज और अंडरपास जैसी नई सुरक्षा सुविधाएं

 
Patna Desk: राज्य सरकार सड़क पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर बड़ी पहल करने जा रही है। अब सड़कों पर वाहनों के बीच पैदल यात्रियों को पहली प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए राज्य के सभी जिलों से सुधार से जुड़े बिंदुओं पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है, और इसी आधार पर व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

सरकार का बड़ा फैसला

इस योजना के तहत व्यस्त सड़कों पर पैदल यात्रियों के लिए जेब्रा क्रॉसिंग, अंडरपास, फुट ओवरब्रिज और फुटपाथ जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परिवहन विभाग इस कार्य में पथ निर्माण विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग के साथ समन्वय करेगा।

डीटीओ से मांगी गई रिपोर्ट

परिवहन विभाग ने सभी जिलों से सड़क सुरक्षा संसाधनों और सुविधाओं की सूची मांगी है। जिला परिवहन पदाधिकारियों (DTO) को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में ऐसी सड़कों की पहचान करें, जहां फुटपाथ, फुट ओवरब्रिज, जेब्रा क्रॉसिंग और अंडरपास की जरूरत है। इसके साथ ही, ट्रैफिक सिग्नल की आवश्यकता पर भी रिपोर्ट मांगी गई है।

वर्तमान स्थिति की समीक्षा

जिन सड़कों पर पहले से ये सुविधाएं मौजूद हैं, उनकी मौजूदा स्थिति की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। शहरों में जेब्रा क्रॉसिंग का सख्ती से पालन कराना अनिवार्य होगा। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य उच्चपथों पर दुर्घटनाओं वाले ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

पैदल यात्रियों के लिए जागरूकता अभियान

सुरक्षा बढ़ाने के लिए परिवहन विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसके तहत होर्डिंग्स और जिंगल्स के माध्यम से संदेश दिया जा रहा है कि सड़क पर पहला हक पैदल यात्रियों का है। इसके अलावा ‘सुरक्षा का सवाल’ नामक वीडियो में वाहन चालकों से जेब्रा क्रॉसिंग पर ब्रेक लगाकर पैदल यात्रियों को सुरक्षित रास्ता देने की अपील की गई है।