मधेपुरा में पीएचडी छात्र की गोली मारकर हत्या, RJD विधायक का था रिश्तेदार
बिहार के मधेपुरा में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक पीएचडी छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 30 वर्षीय प्रिंस रंजन के रूप में हुई है। वह घैलाढ़ थाना क्षेत्र के इनरवा गांव का रहने वाला था और बीएन मंडल विश्वविद्यालय में पीएचडी की पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि प्रिंस रंजन राष्ट्रीय जनता दल के विधायक प्रोफेसर चंद्रशेखर का रिश्तेदार था।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की है, जब प्रिंस रंजन अपने घर से विश्वविद्यालय जाने के लिए निकला था। इसी दौरान सदर थाना क्षेत्र में साहुगढ़ से आगे राजा चिमनी भट्ठा के सामने सुनसान सड़क पर बाइक सवार दो अपराधियों ने उसे रोक लिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने ओवरटेक कर उसकी बाइक रुकवाई और फिर गोली मार दी। गोली उसकी पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घायल प्रिंस रंजन को इलाज के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शी सुनीता देवी ने बताया कि वह खेत में घास काट रही थीं। इसी दौरान उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि, तब तक बाइक सवार दोनों अपराधी मौके से फरार हो चुके थे।
वहीं, सदर एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छिनतई के दौरान अपराधियों ने युवक को गोली मारी है। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्ध अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।
फिलहाल हत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अपराधियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।