पितृपक्ष मेला 2026 होगा हाईटेक और विश्वस्तरीय, गया नगर निगम की बड़ी तैयारी; श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

 

Bihar news: विश्वविख्यात पितृपक्ष मेला-2026 को पहले से अधिक सुव्यवस्थित, आधुनिक और विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए गया नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को नगर निगम सभागार में मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान की अध्यक्षता में आयोजित सशक्त स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) की बैठक में मेले की तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और पर्यटन विकास को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

15 वाटर स्टैंड पोस्ट, सोलर वाटर एटीएम और चार्जिंग प्वाइंट की सुविधा

नगर निगम ने निर्णय लिया है कि मेला क्षेत्र के 15 प्रमुख स्थानों पर वाटर स्टैंड पोस्ट लगाए जाएंगे, जहां श्रद्धालुओं को 24 घंटे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही सोलर वाटर एटीएम, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एलईडी, लेजर शो और सेल्फी प्वाइंट से सजेगा मेला क्षेत्र

इस बार पूरे मेला क्षेत्र को एलईडी लाइटों, आकर्षक होर्डिंग, स्वागत द्वार और सेल्फी प्वाइंट से सजाया जाएगा। फल्गु नदी के किनारे लेजर लाइट शो के माध्यम से श्रद्धालुओं को विष्णुपद मंदिर, बोधगया, फल्गु नदी और गया की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया जाएगा। वर्षों से बंद पड़े ब्रह्मसत्य सरोवर के लाइट एंड साउंड सिस्टम को भी फिर से शुरू करने की योजना बनाई गई है।

फल्गु नदी की होगी विशेष सफाई, 24 घंटे चलेगा स्वच्छता अभियान

नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले के दौरान पूरे क्षेत्र में आधुनिक मशीनों और आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से चौबीसों घंटे सफाई अभियान चलाया जाए। वहीं, पितृपक्ष शुरू होने से पहले फल्गु नदी की नावों के जरिए विशेष सफाई कराई जाएगी, ताकि पिंडदान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

नालों की सफाई और शहर के विकास पर भी फोकस

बैठक में शहर के 338 नालों की सफाई की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश नालों की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शहर के आठ तालाबों के सौंदर्यीकरण, वार्डों में नए पुस्तकालय भवनों के निर्माण और टूटी सड़कों व नालों की मरम्मत जैसे प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।

मेयर बोले— श्रद्धालुओं को नहीं होने देंगे किसी तरह की परेशानी

मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि पितृपक्ष मेला केवल गया ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के सनातन श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। इसलिए नगर निगम का लक्ष्य इस बार श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

नगर निगम का दावा है कि इस बार पितृपक्ष मेला-2026 आधुनिक तकनीक, बेहतर व्यवस्थाओं और आकर्षक पर्यटन सुविधाओं के साथ श्रद्धालुओं को नया अनुभव देगा।