‘प्लास्टिक बैग पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा’, अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अपील

 

 

Bihar news: अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक बैग न केवल पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती हैं, बल्कि मानव स्वास्थ्य और जैव विविधता पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्लास्टिक बैग का आसानी से विघटन या पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) संभव नहीं होता, जिसके कारण यह लंबे समय तक पर्यावरण में बना रहता है और प्रदूषण का बड़ा कारण बनता है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज वैश्विक स्तर पर मानव द्वारा पैदा की गई सबसे गंभीर पर्यावरणीय समस्याओं में से एक बन चुका है।

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस का उद्देश्य लोगों को प्लास्टिक बैग के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों, संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण हितैषी आदतों को अपनाने का आह्वान किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी जिम्मेदारी है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को प्लास्टिक प्रदूषण रोकने की दिशा में अपनी भूमिका निभानी चाहिए, ताकि प्रकृति और मानव जीवन दोनों को सुरक्षित रखा जा सके।