PM मोदी-CM नीतीश के संदेश से गूंजा बिहार दिवस, गांधी मैदान में सजा विकास और विरासत का महाकुंभ

 
Bihar Diwas 2026: बिहार आज अपनी स्थापना दिवस की खुशियां मना रहा है और राजधानी पटना का गांधी मैदान इस मौके पर उत्सव के रंग में डूब गया है। ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह में राज्य की समृद्ध संस्कृति, विकास यात्रा और सामाजिक बदलाव की झलक देखने को मिलेगी।

देश के शीर्ष नेताओं ने दी बधाई
बिहार दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने बिहार को भारत की गौरवशाली विरासत का केंद्र बताते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य पर भरोसा जताया, वहीं नीतीश कुमार ने सामूहिक प्रयासों से राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।


संगीत और संस्कृति का महाकुंभ
समारोह की शुरुआत शाम को सीएम नीतीश कुमार करेंगे। पहले दिन मशहूर गायिका सोना महापात्रा अपनी प्रस्तुति देंगी, जबकि दूसरे दिन ‘तन्हा दिल’ फेम शान मंच पर नजर आएंगे। समापन दिवस पर पापोन की लाइव परफॉर्मेंस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगी।

हर मंच पर कला का रंग
श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल और रविंद्र भवन में भी अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। ध्रुपद गायन, ओडिसी नृत्य, नाटक और हास्य कवि सम्मेलन के जरिए बिहार की कला-संस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

‘धरोहर दर्शन’ में दिखेगी परंपरा की झलक
करीब 15 हजार वर्गफुट में बने ‘धरोहर दर्शन’ पवेलियन में बिहार की ग्रामीण संस्कृति, लोक कलाएं और पारंपरिक शिल्प को खास अंदाज में प्रदर्शित किया गया है। साथ ही महिला उद्यमियों और जीविका समूहों के उत्पादों के लिए विशेष स्टॉल भी लगाए गए हैं।

बिहार दिवस का यह आयोजन सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति और विकास के संगम का भव्य उत्सव बन गया है, जो हर बिहारी को गर्व से भर देता है।