किशनगंज में पुलिस महकमे पर गिरी गाज: 90 दिनों में 4 थानेदार निलंबित, 36 से अधिक पुलिसकर्मियों का वेतन रोका गया
Bihar: जिले में पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली सुधारने के लिए किशनगंज के पुलिस अधीक्षक (SP) ने सख्त रुख अपनाया है. बीते 90 दिनों के भीतर लापरवाही, अनुशासनहीनता और ड्यूटी में कोताही बरतने के आरोप में चार थानेदारों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि तीन दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों की सैलरी पर रोक लगा दी गई है. SP की इस कार्रवाई से पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है.
अनुशासनहीनता पर जीरो टॉलरेंस
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ थानों में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीरता नहीं बरती जा रही है. जांच में यह भी सामने आया कि कई पुलिसकर्मी समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहे थे और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी की जा रही थी. इसके बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई.
इस वर्ष 10 जनवरी से 30 अप्रैल तक जिले में कांडों के निष्पादन, कार्यालय कार्य, सुपर पेट्रोलिंग, विधि-व्यवस्था ड्यूटी और छापेमारी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 194 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पुरस्कृत किया गया.
4 थानाध्यक्ष को किया सस्पेंड
वहीं, लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरीय अधिकारियों के आदेश की अवहेलना करने वाले पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए चार थाना अध्यक्ष समेत 12 कर्मियों को निलंबित के साथ 38 का वेतन धारित तथा 9 को विभागीय दंड दिया गया.
एसपी संतोष कुमार के जिले में इसी वर्ष जनवरी माह में पदस्थापन के बाद से ही जिले के पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के मुहिम में जुटे हैं और इसी दौरान किशनगंज जिले में बेहतर पुलिसिंग और अनुशासन बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई की है.
वेतन रोकने का आदेश
SP ने स्पष्ट किया है कि जिन पुलिसकर्मियों की सैलरी रोकी गई है, उनसे पहले जवाब-तलब किया गया था. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई. उन्होंने कहा कि जब तक सुधार नहीं दिखेगा, तब तक वेतन बहाल नहीं किया जाएगा.
पुलिस महकमे में संदेश साफ
SP ने दो टूक कहा कि किशनगंज पुलिस में लापरवाही, भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा.
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में और भी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो सकती है. SP ने सभी थानाध्यक्षों और जवानों को चेतावनी दी है कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे.
लोगों से की अपील
एसपी संतोष कुमार ने किशनगंज पुलिस के प्रति आम लोगों की विश्वास बनाए रखने के लिए उन्होंने आम लोगों से अपील की है. उन्होंने कहा कि कि किसी पुलिस पदाधिकारी या पुलिस कर्मी द्वारा किसी भी अनुचित कार्य करने में संलिप्त रहने संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना व साक्ष्य हो तो उसका ऑडियो या वीडियो बनाकर प्रमाणिक साक्ष्य के साथ एसपी को भेजें ताकि ऐसे मामलों में संलिप्त पुलिस पदाधिकारी व कर्मी के विरुद्ध अग्रतर कठोर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा सके.
एसपी ने कहा कि सूचना देने वाले का पहचान शत-प्रतिशत गोपनीय रखी जायेगी