पुलिस ड्राइवर कैंडिडेट्सः प्रदर्शन से पहले डिटेन किए गए, पुलिस ने खदेड़ा, गेट नंबर 10 पर बैरिकेडिंग
पटना में बिहार पुलिस ड्राइवर भर्ती के अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार को प्रदर्शन किया। तय कार्यक्रम के तहत अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए गांधी मैदान के गेट नंबर 10 के पास जुट रहे थे। हालांकि, प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई अभ्यर्थियों को हिरासत में ले लिया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
गेट नंबर 10 पर भारी पुलिस बल तैनात
अभ्यर्थियों के जुटने की सूचना के बाद पुलिस ने गांधी मैदान के गेट नंबर 10 पर बैरिकेडिंग कर दी। गांधी मैदान के अंदर भी बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की और कुछ अभ्यर्थियों को दौड़ाकर पकड़ा। पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को गांधी मैदान से हटाते नजर आए। कुछ अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
परमिशन के बावजूद कार्रवाई का अभ्यर्थियों ने किया विरोध
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से कलश यात्रा और पैदल मार्च निकालने वाले थे। इसके लिए पहले से अनुमति भी ली गई थी। इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन करने से पहले ही हिरासत में लेना शुरू कर दिया। अभ्यर्थियों ने पुलिस की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई।
1200 से अधिक खाली महिला सीटों को भरने की मांग
दरअसल, बिहार पुलिस ड्राइवर भर्ती प्रक्रिया में खाली रह गई 1200 से अधिक महिला सीटों को उसी श्रेणी के पुरुष अभ्यर्थियों से भरने की मांग की जा रही है। इसी मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने धरना-प्रदर्शन और कलश यात्रा का कार्यक्रम तय किया था।
अभ्यर्थियों का कहना है कि रिक्त सीटों को योग्य उम्मीदवारों से भरने पर विचार किया जाना चाहिए, ताकि भर्ती प्रक्रिया में सीटें खाली न रहें और पात्र युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सके। अब अभ्यर्थियों की मांगों पर सरकार की ओर से क्या कदम उठाया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।