पटना में 7 मई को सियासी महाकुंभ: ‘सम्राट कैबिनेट’ विस्तार में जुटेंगे मोदी-शाह, NDA का शक्ति प्रदर्शन तय
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस आयोजन की पुष्टि करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा, जहां देश के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी इसे और खास बनाएगी। संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेता इस समारोह में शामिल होंगे।
इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष JP Nadda, पूर्व मुख्यमंत्री Nitish Kumar और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से यह आयोजन और भी भव्य बनने वाला है।
तैयारियां जोरों पर, पटना बनेगा ‘पॉलिटिकल स्टेज’
पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक पूरे शहर को सजाने की जिम्मेदारी पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय इकाइयों को दी गई है। वहीं, प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। डीएम और एसएसपी ने भाजपा कार्यालय का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की।
कैबिनेट में बड़े बदलाव के संकेत
सूत्रों के मुताबिक, इस कैबिनेट विस्तार में कई नए चेहरों को मौका मिल सकता है, जबकि कुछ मंत्रियों के विभागों में बड़ा फेरबदल संभव है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा इस कदम के जरिए सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रही है।
भीड़ और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर फोकस
गांधी मैदान में लाखों समर्थकों के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक और सुरक्षा का विशेष प्लान तैयार किया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती होगी, ताकि कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।
आपको बता दें कि, 7 मई का यह आयोजन बिहार की राजनीति में नया संदेश और नई दिशा तय करने वाला साबित हो सकता है, जहां हर नजर ‘सम्राट कैबिनेट’ के नए चेहरे और सियासी समीकरणों पर टिकी होगी।