सियासी ट्रांजिट या बड़ा संदेश? : पूर्णिया में राहुल गांधी का जोरदार स्वागत, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा

 
Purnia News: बिहार में जहां सत्ता परिवर्तन को लेकर सियासी तापमान चरम पर है, वहीं पूर्णिया की धरती पर एक अलग ही राजनीतिक हलचल देखने को मिली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने संक्षिप्त ट्रांजिट दौरे के दौरान पूर्णिया सैन्य हवाई अड्डा पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जबरदस्त स्वागत किया।

नारों से गूंजा पूरा इलाका

हवाई अड्डे पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी। “राहुल गांधी जिंदाबाद” और “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। फूल-मालाओं से स्वागत ने यह साफ संकेत दिया कि संगठन स्तर पर कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश तेज हो गई है।

ट्रांजिट विजिट, लेकिन गहरे सियासी मायने

भले ही यह दौरा कुछ ही देर का रहा, लेकिन इसके राजनीतिक संकेत काफी अहम माने जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए पश्चिम बंगाल के रायगंज के लिए रवाना हुए, जहां वे एक बड़ी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

संगठन को मजबूत करने पर जोर

इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अफरोज आलम ने कहा कि यह दौरा संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और विस्तार देने को लेकर बातचीत हुई है। साथ ही, राहुल गांधी ने हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिया।

 ‘छोटे दौरे, बड़ा असर’ की रणनीति

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह ट्रांजिट विजिट महज औपचारिक नहीं, बल्कि कांग्रेस की नई रणनीति का हिस्सा है जहां छोटे-छोटे मौकों को भी बड़े राजनीतिक संदेश में बदला जा रहा है।