झालमुरी बनाम सत्तू पर सियासत: विजय कुमार चौधरी का तंज, बोले- ‘तमिलनाडु जाते तो डोसा भी खा लेते’
दरअसल, तेजस्वी यादव ने पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि बिहार में चुनाव होता है तो सत्तू खाते हैं और बंगाल में झालमुरी। इसी बयान पर पलटवार करते हुए विजय चौधरी ने हल्के अंदाज में कहा, “अगर तमिलनाडु जाते तो डोसा भी खा लेते, इसमें क्या दिक्कत है।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें तेजस्वी यादव से अपने रुख में बदलाव की उम्मीद नहीं थी। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि बंगाल में बिहार को लेकर जो बातें कही गईं, उस पर लोगों को खुद सोचने की जरूरत है।
मंत्रिमंडल विस्तार पर भी संकेत
वहीं बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर डिप्टी सीएम ने संकेत दिए कि जल्द ही इसका विस्तार किया जाएगा। सरकार इस दिशा में काम कर रही है और आने वाले दिनों में तस्वीर साफ हो जाएगी।
गौरतलब है कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बनी नई सरकार में फिलहाल सीमित मंत्री हैं। 15 अप्रैल को शपथ लेने के बाद अब कैबिनेट विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।
इस पूरे विवाद ने एक बार फिर दिखा दिया है कि बिहार की राजनीति में अब मुद्दों के साथ-साथ ‘सत्तू और झालमुरी’ भी चर्चा का केंद्र बन चुके हैं।