विवादित बयान पर घिरी सियासत: पप्पू यादव पर महिला नेताओं का हमला, ‘माफी दो नहीं तो आंदोलन होगा’

 
Bihar News: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के विवादित बयान ने बिहार की राजनीति में बड़ा बवाल खड़ा कर दिया है। महिला आरक्षण को लेकर दिए गए उनके बयान पर जहां बिहार राज्य महिला आयोग ने नोटिस जारी किया है, वहीं अब भाजपा की महिला नेत्रियों ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री श्रेयसी सिंह ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पप्पू यादव को देश की महिलाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने विपक्षी नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और तेजस्वी यादव पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या वे ऐसे बयानों का समर्थन करते हैं। उन्होंने बयान को “दुष्ट मानसिकता” का प्रतीक बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी।

वहीं भाजपा विधायक संगीता कुमारी ने कहा कि देश में महिलाओं को पूजनीय माना जाता है, ऐसे में इस तरह की टिप्पणी अस्वीकार्य है। उन्होंने विपक्षी नेताओं से भी माफी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि महिलाएं अपने सम्मान की रक्षा करना जानती हैं।

इसी क्रम में भाजपा एमएलसी अनामिका पटेल ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इस तरह की सोच समाज के लिए खतरनाक है और अगर सीमा पार हुई तो कार्रवाई तय है।

भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने भी बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि राजनीति में महिलाएं संघर्ष के दम पर आगे बढ़ती हैं, ऐसे में इस तरह की टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने पप्पू यादव से तुरंत माफी की मांग की।

गौरतलब है कि 20 अप्रैल को दिए गए बयान में पप्पू यादव ने महिलाओं की राजनीति में भागीदारी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब यह मुद्दा सिर्फ बयान तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सियासी टकराव का बड़ा कारण बनता जा रहा है।