‘आस्था के साथ सियासत’- सीएम सम्राट चौधरी का देवघर दौरा, बाबा धाम में करेंगे पूजा-अर्चना

 
Bihar news: बिहार की राजनीति में इन दिनों आस्था और सत्ता का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक बार फिर धार्मिक यात्रा पर निकल रहे हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार वे आज दोपहर पटना से देवघर के लिए रवाना होंगे, जहां बाबा भोलेनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना करेंगे।

इस यात्रा को सिर्फ धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के बीच भरोसा और सकारात्मक संदेश देने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।

हरिहर नाथ मंदिर में की थी विशेष पूजा
इससे पहले मुख्यमंत्री ने सपरिवार बाबा हरिहर नाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की थी। करीब 20 मिनट तक गर्भगृह में रहकर उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पूरा प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आया।

शपथ से पहले भी दिखी आस्था
मुख्यमंत्री बनने से पहले भी सम्राट चौधरी ने राजवंशी नगर हनुमान मंदिर में पूजा कर अपने नए सफर की शुरुआत की थी। वहीं, शपथ के बाद तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचकर मत्था टेकते हुए उन्होंने सभी धर्मों के प्रति अपनी आस्था जताई।

सियासत में नया संदेश
लगातार धार्मिक स्थलों के दौरे से साफ संकेत मिल रहा है कि मुख्यमंत्री आस्था के जरिए जनता से जुड़ाव मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

सम्राट चौधरी की यह ‘देवघर आस्था यात्रा’ अब सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है, जहां पूजा-पाठ के साथ-साथ एक नया राजनीतिक नैरेटिव भी आकार लेता नजर आ रहा है।