बांकीपुर के मुद्दों पर प्रशांत किशोर की पहल, एक बैठक में जुटे बिहार के शीर्ष अधिकारी; ट्रैफिक से नशे तक पर हुई चर्चा

 

Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर से नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर की पहल इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। गुरुवार को पुराने सचिवालय में आयोजित एक बैठक में राज्य प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी एक साथ मौजूद रहे। बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार के अलावा नगर विकास और परिवहन विभाग के सचिव तथा पटना नगर निगम के आयुक्त समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए।

बताया गया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ राजधानी के आम नागरिकों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सीधे चर्चा करना था। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं, पेयजल और नशे के बढ़ते कारोबार जैसे विषयों पर विस्तार से बातचीत हुई।

डीजीपी के साथ बैठक का फॉलोअप

बैठक के बाद प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह बैठक पिछले सप्ताह डीजीपी के साथ हुई चर्चा का अगला चरण थी। इस बार केवल पुलिस से जुड़े मामलों तक सीमित रहने के बजाय शहर की दूसरी समस्याओं को लेकर नगर विकास, परिवहन और नगर निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी एक मंच पर बुलाया गया।

पटना की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव की तैयारी

राजधानी में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए जल्द ही इंटर-डिपार्टमेंटल वर्कशॉप आयोजित करने की बात सामने आई। इसमें अलग-अलग विभागों के साथ विशेषज्ञों की मदद लेने पर चर्चा हुई। भविष्य की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए IIT मद्रास जैसे संस्थानों के विशेषज्ञों की तकनीकी सहायता लेने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

इसके साथ ही सड़क, नाली, गलियों, वेंडिंग जोन और पार्कों से जुड़ी पुरानी समस्याओं को भी एक साथ चिन्हित कर उनके समाधान की दिशा में काम करने पर जोर दिया गया।

साफ पानी और नशे के खिलाफ कार्रवाई पर जोर

बैठक में राजधानी में पेयजल से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। बांकीपुर समेत पटना के दूसरे इलाकों में लोगों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए त्वरित कदम उठाने की जरूरत पर चर्चा हुई।

वहीं युवाओं में बढ़ते सूखे नशे के कारोबार को लेकर भी सख्ती की मांग की गई। नशे के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई और युवाओं को इसके दुष्प्रभाव से बचाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर ठोस कदम उठाने की बात कही गई।

अब शिक्षा व्यवस्था पर होगी अगली बैठक

प्रशांत किशोर ने संकेत दिया कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर बैठकों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अगले महीने शिक्षा व्यवस्था और सरकारी स्कूलों से जुड़े मुद्दों पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की जाएगी।

प्रशांत किशोर के मुताबिक, जनता की समस्याओं को केवल बैठकों और कागजी कार्रवाई तक सीमित रखने के बजाय संबंधित विभागों से जवाबदेही तय कर समाधान की दिशा में आगे बढ़ना जरूरी है।

गुरुवार की बैठक में राज्य प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी ने पटना के राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज कर दी है। हालांकि प्रशांत किशोर ने इसे राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के सामने प्रभावी तरीके से रखने की कवायद बताया है।