ऑस्ट्रेलिया में बिहार की विकास गाथा पर बोले प्रेम कुमार, बोले- भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी में बिहार बने महत्वपूर्ण भागीदार
NewsHaat Desk: बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान सिडनी में ऑस्ट्रेलियाई संसद का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई अटॉर्नी जनरल माइकल डेली, ऑस्ट्रेलियाई मंत्री जिहाद डिब और कई सांसदों के साथ शिष्टाचार मुलाकात कर संसदीय संवाद किया।
बैठक के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने बिहार विधानसभा की ओर से ऑस्ट्रेलियाई जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया। उन्होंने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संबंधों के साथ-साथ बिहार और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग की संभावनाओं पर भी अपनी बात रखी।
बिहार की युवा आबादी और उद्यमशीलता को बताया ताकत
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी, प्रतिभाशाली मानव संसाधन, कृषि क्षमता और उद्यमशीलता है। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क, पुल, कनेक्टिविटी, उद्योग, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, कौशल विकास और रोजगार जैसे क्षेत्रों में विकास की दिशा में काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से विकास परियोजनाओं को गति मिल रही है। बिहार का लक्ष्य आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने, निवेश आकर्षित करने, उद्योगों को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने पर केंद्रित है।
ऑस्ट्रेलिया के साथ सहयोग बढ़ाने पर जोर
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने ऑस्ट्रेलियाई सांसदों के सामने बिहार और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग की संभावनाओं को भी रखा। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई संसद के सदस्यों से भारत-ऑस्ट्रेलिया सहयोग के अगले चरण में बिहार को भी महत्वपूर्ण भागीदार के तौर पर देखने का आग्रह किया।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संबंधों को और मजबूत करने के साथ बिहार और ऑस्ट्रेलिया के बीच भी दीर्घकालिक साझेदारी के नए रास्ते तलाशे जा सकते हैं।
संसदीय संवाद को बताया महत्वपूर्ण
इस मुलाकात को दोनों देशों के जनप्रतिनिधियों के बीच संसदीय संवाद की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि इस तरह की बातचीत से अनुभवों और विचारों का आदान-प्रदान होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मौजूदा संवाद भविष्य में बिहार और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग का आधार बन सकता है।
इस अवसर पर ऑस्ट्रेलियाई संसद से जुड़े स्टीफन बलि, मार्क हॉजेस, ह्यू मैकडरमॉट और वॉरेन किर्बी समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।