महिला शराब तस्करों पर शिकंजे की तैयारी, त्योहारों पर बॉर्डर पर लेडी पुलिस की होगी तैनाती

दिवाली और नये साल के माहौल को देखते हुए बार्डर पर महिला सिपाही की तैनाती बढ़ाने का निर्णय लिया है.
 

बिहार में शराबबंदी के बाद दूसरे राज्यों से शराब की तस्करी बढ़ी है. ऐसे तस्करों को पकड़ने के लिए राज्य भर में मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की टीम लगातार छापेमारी कर रही है. जिसके बाद खुलासा हुआ है कि अब शराब की तस्करी में महिलाएं भी शामिल है.

दशहरा, दिवाली और नये साल के माहौल को देखते हुए बार्डर पर महिला सिपाही की तैनाती बढ़ाने का निर्णय लिया है. ग्रामीण और शहरी इलाकों में मद्यनिषेध सिपाही, पुलिस विभाग में तैनात सिपाही जांच में मुस्तैद रहेंगी. दूसरे राज्यों से बिहार में आने वाली गाड़ियों में अगर महिलाएं रहेंगी और प्रशासन को शक होगा, तो यह महिला पुलिस जांच करेंगी.

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, 1 जनवरी से 29 सितंबर 2026 के बीच विदेशी शराब मामलों में की गई कार्रवाई से जुड़े आधिकारिक आंकड़े सामने आए हैं. इस अवधि के दौरान राज्यभर के अलग-अलग जिलों से कुल 600 महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 8,019 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है.

गिरफ्तारियों के मामले में दानापुर और पूर्णिया आगे रहे. लेकिन विदेशी शराब की जब्ती के मामले में मधुबनी जिला सबसे आगे रहा. मधुबनी में 15 महिला आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ रिकॉर्ड 816 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई. जबकि बेगूसराय से 19 महिलाओं की गिरफ्तारी के साथ 632 लीटर शराब पकड़ी गई है.