छठ महापर्व को लेकर पटना के गंगा घाटों पर तैयारी तेज, 5 किलोमीटर क्षेत्र में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के लिए होगी व्यवस्था

दो दिनों बाद शुरू होने वाले चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर पटना में गंगा घाटों पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए हर साल बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु गंगा किनारे पहुंचते हैं।
 

दो दिनों बाद शुरू होने वाले चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर पटना में गंगा घाटों पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए हर साल बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु गंगा किनारे पहुंचते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, पहुंच पथ, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है।

पटना में दीघा के पाटी पुल, जनार्दन घाट और मीनार घाट के अलावा जेपी सेतु के पूरब 93 नंबर से 83 नंबर घाट तक बड़े क्षेत्र में छठ पूजा की व्यवस्था की जा रही है। इन इलाकों में करीब तीन किलोमीटर के दायरे में व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी।

वहीं, गंगा के दूर चले जाने के कारण कलेक्ट्रेट घाट पर भी काफी जगह उपलब्ध है। यहां करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र में छठ पूजा की व्यवस्था की जा रही है। इस तरह दीघा, जेपी सेतु के पूरब और कलेक्ट्रेट घाट को मिलाकर लगभग पांच किलोमीटर के क्षेत्र में तैयारियां चल रही हैं। इन तीनों इलाकों के बड़े घाटों पर करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। वाहनों से आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की जाएगी।

घाटों तक पहुंचने के लिए दुरुस्त हो रहे रास्ते

जेपी गंगा पथ से कलेक्ट्रेट घाट की दूरी करीब ढाई किलोमीटर है। घाट तक पहुंचने के लिए श्रद्धालु एएन सिन्हा संस्थान के पास बने अंडरपास से उत्तर की ओर निकलकर पूरब दिशा में जाने वाली कच्ची सड़क का इस्तेमाल कर सकेंगे। फिलहाल इस एप्रोच रोड को दुरुस्त करने का काम तेजी से चल रहा है। रास्ते में जहां दलदल की स्थिति है, वहां बालू भरकर सड़क को मजबूत बनाया जा रहा है।

इसी तरह जेपी सेतु के पूरब 93 नंबर से 83 नंबर घाट तक पहुंचने के लिए भी एप्रोच रोड तैयार किया जा रहा है। इन घाटों के आसपास वाहनों की पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

व्रतियों के रात्रि विश्राम के लिए बनेंगे शेड

छठ महापर्व के दौरान दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु पटना पहुंचते हैं। कई श्रद्धालु खरना के दिन ही घाटों पर पहुंच जाते हैं और दो दिनों तक वहीं रहकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण करते हैं। ऐसे में उनके रात्रि विश्राम की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़े घाटों पर शेड बनाने की तैयारी की जा रही है।

दीघा के पाटी पुल, कलेक्ट्रेट घाट समेत अन्य प्रमुख घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए शेड बनाए जाएंगे। इसके साथ ही घाटों पर रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। प्रशासन का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन, पार्किंग, ठहरने और पूजा-अर्चना में किसी तरह की परेशानी न हो।