बिहार में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर तैयारी तेज, नगर निकायों को व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश

 

 

Bihar news: बिहार में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने राज्य के सभी नगर निकायों के अधिकारियों को अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

भारत सरकार की ओर से 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ना और उन्हें अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।

बाइक से लेकर कार तक निकलेगी तिरंगा रैली

मंत्री नीतीश मिश्रा ने नगर निकायों को स्थानीय स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने को कहा है। इसके तहत बाइक, साइकिल और कार तिरंगा रैली, ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन, राष्ट्रभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य सार्वजनिक आयोजन किए जाएंगे।

अभियान में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों और नागरिक समूहों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही डिजिटल माध्यमों से भी लोगों को अभियान से जोड़ने की योजना है।

नागरिक ऑनलाइन भी दर्ज करा सकेंगे भागीदारी

मंत्री ने बताया कि नागरिक तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर लेकर भारत सरकार के निर्धारित पोर्टल पर अपलोड कर अभियान में डिजिटल रूप से शामिल हो सकते हैं। इसके बाद सहभागिता प्रमाण-पत्र भी डाउनलोड किया जा सकेगा। नगर निकायों को लोगों को इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी देने और डिजिटल भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया गया है।

लोगों को मुफ्त तिरंगा उपलब्ध कराने की तैयारी

अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निकायों को पर्याप्त संख्या में राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। आम नागरिकों को निःशुल्क तिरंगा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके लिए राष्ट्रीय ध्वज जीविका से खरीदे जा सकेंगे।

स्थानीय संस्थाओं के साथ मिलकर चलेगा अभियान

मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों से स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, बाजार समितियों और नागरिक समूहों के साथ समन्वय बनाकर अभियान को आगे बढ़ाने को कहा है।

नीतीश मिश्रा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और राष्ट्रीय एकता की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने सभी नगर निकायों से इसे उत्साह और प्रभावी तरीके से संचालित कर व्यापक जन-अभियान का रूप देने की अपील की।