मोदी ने रचा नया इतिहास: सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने दी बधाई
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक व्यक्तिगत रिकॉर्ड नहीं, बल्कि देश की जनता के अटूट विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसमर्थन की ऐतिहासिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार तीन लोकसभा चुनावों में जनता का व्यापक समर्थन हासिल कर देश का नेतृत्व किया है, जो भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का प्रमाण है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। वहीं अनुच्छेद 370 का निरसन, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और जी-20 की सफल मेजबानी जैसे फैसलों ने भारत की राष्ट्रीय पहचान को नई मजबूती प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की विदेश नीति और वैश्विक नेतृत्व क्षमता के कारण आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत, प्रभावशाली और निर्णायक राष्ट्र के रूप में उभरा है। “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
डॉ. प्रेम कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। यह साबित करती है कि लोकतंत्र में समर्पण, परिश्रम और जनसेवा के बल पर कोई भी व्यक्ति सर्वोच्च मुकाम हासिल कर सकता है।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने बिहार की जनता और विधायिका की ओर से प्रधानमंत्री के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व देश को विकास और आत्मनिर्भरता के नए शिखरों तक पहुंचाता रहेगा।