बिहार पुलिस को चकमा देकर कैदी फरार, इलाज के लिए आया था अस्पताल

बिहार के सीतामढ़ी सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए कैदी वार्ड में इलाजरत हत्या के प्रयास का आरोपी विजय महतो फरार हो गया है. घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन से लेकर पुलिस महकमे तक हड़कंप मच गया.
 

बिहार के सीतामढ़ी सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए कैदी वार्ड में इलाजरत हत्या के प्रयास का आरोपी विजय महतो फरार हो गया है. घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन से लेकर पुलिस महकमे तक हड़कंप मच गया. फरार बंदी विजय महतो भुतही थाना क्षेत्र के कैचोर गांव के वार्ड नंबर-2 का निवासी है. वह हत्या के प्रयास से जुड़े एक मामले में जेल में बंद था. इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल के कैदी वार्ड में उसका इलाज चल रहा था. उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस जवानों को सौंपी गई थी.

बताया जा रहा है कि देर रात तक सब कुछ सामान्य था. इसी दौरान मौका पाकर विजय महतो कैदी वार्ड से फरार हो गया. वहीं, जब पुलिसकर्मी कमरे में पहुंचे तो वहां बंदी मौजूद नहीं था. कमरे को खाली देखकर जवानों के होश उड़ गए. इसके बाद अस्पताल परिसर में बंदी की तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. सुरक्षा में तैनात जवानों का कहना है कि बंदी वेंटिलेटर के रास्ते बाहर निकल गया है. बंदी के गायब होने की सूचना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई. इसके बाद हेडक्वार्टर डीएसपी अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. साथ ही उन्होंने कैदी की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मचारियों और स्वास्थ्य कर्मचारियों से पूछताछ की. जेल अधीक्षक जलज कुमार ने बताया कि आधी रात को हत्या के प्रयास का आरोपी विजय महतो कैदी वार्ड से फरार हो गया है. आज सुबह जांच के दौरान वो कमरे में नहीं मिला. जिससे उसके फरार होने की जानकारी मिली.

अब पुलिस के सामने फरार बंदी विजय महतो को जल्द गिरफ्तार करने की चुनौती है. साथ ही यह भी पता लगाना जरूरी है कि बंदी ने फरार होने के लिए किस रास्ते का इस्तेमाल किया और इस दौरान सुरक्षा में कहां चूक हुई. सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से एक बंदी का फरार होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस की निगरानी में रहने के बावजूद बंदी आखिरकार अस्पताल से बाहर निकलने में कैसे सफल हो गया. अगर वह वेंटिलेटर के रास्ते फरार हुआ तो सुरक्षा में तैनात जवानों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी.