मोतिहारी में 26 सितंबर को प्रियंका गांधी की जनसभा, पप्पू यादव ने कहा– यह होगी लोकतंत्र बचाने की क्रांति

 

Motihari: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 26 सितंबर को मोतिहारी के गांधी मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी। इस रैली को कांग्रेस बिहार में अपने पुनरुत्थान और 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए अहम शुरुआत के रूप में देख रही है।

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह जनसभा सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि “संविधान और लोकतंत्र को बचाने की क्रांति” का प्रतीक होगी। उन्होंने प्रियंका गांधी को देश की सबसे सशक्त महिला नेता बताते हुए कहा कि वे इंदिरा गांधी की सच्ची उत्तराधिकारी हैं, जिनकी बातों में महिलाओं, बच्चों और युवाओं को नई उम्मीद नज़र आती है।

सांसद यादव ने भाजपा सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और रोजगार जैसे सभी मोर्चों पर विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि मोतिहारी से शुरू होने वाली यह रैली धीरे-धीरे पूरे बिहार में फैलकर बेतिया, गोपालगंज, सीवान और मुजफ्फरपुर जैसे जिलों तक पहुंचेगी।

कांग्रेस का लक्ष्य है कि इस अभियान के जरिए बिहार में अपनी जड़ें और मजबूत की जाएं और 2025 से 2029 के बीच चलने वाले “देश बचाओ आंदोलन” को नई गति मिले।

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार, मोतिहारी