IGIMS परीक्षा पर सवाल- पेपर लीक के आरोपों से मचा हड़कंप, जांच समिति गठित, जल्द आएगी रिपोर्ट
Apr 23, 2026, 18:56 IST
Bihar News: राजधानी पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान IGIMS में एमबीबीएस और पीजी परीक्षाओं में कथित कदाचार और प्रश्नपत्र लीक के आरोपों ने हड़कंप मचा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संस्थान प्रशासन ने तत्काल जांच के आदेश देते हुए उच्चस्तरीय समिति का गठन कर दिया है।
संस्थान के निदेशक के निर्देश पर शैक्षणिक संकाय के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) ओम कुमार की अध्यक्षता में जांच समिति बनाई गई है, जो परीक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आईजीआईएमएस के उप निदेशक प्रो. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने बताया कि समिति पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और जल्द ही अपनी रिपोर्ट निदेशक को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
इस बीच संस्थान में प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव किया गया है, ताकि मीडिया के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से किया जा सके।
परीक्षा में कथित गड़बड़ी की खबर सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है, वहीं सभी की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी है।