पटना में आज समापन होगा राहुल-तेजस्वी की वोटर अधिकार यात्रा का, गांधी मैदान से अंबेडकर प्रतिमा तक दिखेगा जलवा
Patna: बिहार की राजधानी पटना आज विपक्षी एकजुटता का बड़ा मंच बनने जा रही है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का आज भव्य समापन होगा। इस मौके पर इंडिया गठबंधन के तमाम बड़े नेता एक मंच पर नजर आएंगे।
गांधी से अंबेडकर तक यात्रा
सोमवार को सुबह 10 बजे राहुल गांधी दिल्ली से विशेष विमान से पटना पहुंचेंगे। उनके साथ करीब 100 राष्ट्रीय स्तर के पत्रकार भी आएंगे, ताकि कार्यक्रम को देशभर में बड़े स्तर पर कवरेज मिले।
यात्रा की शुरुआत गांधी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा से होगी। 10:50 बजे राहुल गांधी यहां माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद काफिला एसपी वर्मा रोड, डाकबंगला चौराहा, कोतवाली थाना, बेली रोड और इनकम टैक्स गोलंबर होते हुए अंबेडकर प्रतिमा तक पहुंचेगा।
करीब 4 किलोमीटर लंबी यह यात्रा ‘गांधी से अंबेडकर’ नाम से निकाली जाएगी। 12:30 बजे अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण और फिर 12:40 से 2:30 बजे तक विशाल जनसभा का आयोजन होगा।
कौन-कौन होंगे मंच पर
इस पदयात्रा और जनसभा में विपक्ष के बड़े-बड़े चेहरे जुटेंगे। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के साथ मंच साझा करेंगे:
• झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन
• माले नेता दीपांकर भट्टाचार्य
• वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी
• तृणमूल कांग्रेस से सांसद यूसुफ पठान
• शिवसेना से संजय राउत
• एनसीपी की सुप्रिया सुले
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, रेवंत रेड्डी, डी. शिवकुमार और केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में पूरा संगठन इस कार्यक्रम की सफलता में जुटा है।
पावर शो और राजनीतिक संदेश
पटना की सड़कों पर आज ट्रैफिक और सुरक्षा दोनों के लिए कड़ी परीक्षा होगी। लेकिन इस पदयात्रा से विपक्षी खेमे का असली संदेश जनता तक पहुंचेगा- एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इतने बड़े नेताओं का एक साथ मंच पर आना न सिर्फ बिहार की राजनीति बल्कि पूरे देश के लिए अहम सियासी संकेत है।