छपरा से दिल्ली की रेल कनेक्टिविटी को मिली नई रफ्तार, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी

 

Bihar news: बिहार के सारण जिले को रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को छपरा जंक्शन से छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर रेल मंत्री ने मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस तथा दोहरीघाट-वाराणसी सिटी के बीच संचालित होने वाली मेमू ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

छपरा जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। नई ट्रेनों के संचालन से बिहार और पूर्वांचल के यात्रियों को राजधानी दिल्ली तथा अन्य प्रमुख शहरों तक बेहतर और सुगम रेल सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे लगातार यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और देश के विभिन्न क्षेत्रों को मजबूत रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नई रेल सेवाएं क्षेत्रीय विकास और आवागमन को नई गति देंगी।

छपरा कार्यक्रम के बाद रेल मंत्री मढ़ौरा पहुंचे, जहां उन्होंने रेल इंजन निर्माण परियोजना के तहत तैयार किए गए 51वें रेल इंजन को भी रवाना किया। मढ़ौरा रेल फैक्ट्री को देश के आधुनिक रेल इंजन निर्माण केंद्रों में शामिल किया जा रहा है, जिससे रोजगार और औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद राजीव प्रताप रूड़ी, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल समेत कई विधायक, सांसद और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास और रेलवे विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की गई।