बिहार के 5 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, दीपावली से पहले हाजीपुर और पटना की हवा खराब

 
बिहार में दिवाली से एक दिन पहले बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज 5 जिले रोहतास, गया, नवादा, भागलपुर और कटिहार में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के अधिकांश जिलों में बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया जाएगा। हालांकि, अगले 48 घंटे के बाद आसमान साफ होंगे और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। अगले 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एसके पटेल ने बताया, 'अभी बिहार के ऊपर कोई मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है। हालांकि, दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। लेकिन अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
दीपावली से पहले ही वायु प्रदूषण में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से 4 जिलों का AQI आंकड़ा जारी किया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, धनतेरस के दिन हाजीपुर का AQI सबसे ज्यादा 278 दर्ज किया गया है। इसके अलावा पूर्णिया में 238, पटना में 235, मुजफ्फरपुर में 232 दर्ज किया गया है।