बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले 48 घंटे में बारिश और बढ़ेगी ठंड
28 और 29 जनवरी को सक्रिय रहेगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 28 और 29 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी और गोपालगंज जिलों में बारिश के साथ बिजली चमकने और बादल गरजने की संभावना है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों में होगी बारिश, ठंड बढ़ेगी
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार, 28 जनवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल के साथ उत्तर बिहार के सभी जिलों समेत करीब 25 जिलों में बारिश हो सकती है। विभाग का कहना है कि फिलहाल कोई मजबूत सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए अभी मौसम सामान्य बना हुआ है। लेकिन अगले दो दिनों में बारिश के कारण ठंड में इजाफा होने की संभावना है।
घने कोहरे से बढ़ सकती है परेशानी
29 से 31 जनवरी के बीच बिहार में घने कोहरे का असर भी देखने को मिलेगा। 29 जनवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल और उत्तर बिहार के सभी 25 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
30 जनवरी को पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, समस्तीपुर, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार सहित उत्तर बिहार के 19 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। बाकी जिलों में हल्का कुहासा रह सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और कोहरे व बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।