रसगुल्ले ने बिगाड़ी बात, दूल्हे की हरकत से टूटा रिश्ता, बिना दुल्हन के लौटी बारात

 

बिहार में जयमाला के दौरान दूल्हे ने कुछ ऐसी हरकत कर दी, जिससे दुल्हन को उसपर शक हो गया। फिर पता चला कि दूल्हा तो मानसिक रूप से बीमार है। इसके बाद तो दुल्हन ने शादी करने से ही इंकार कर दिया। सिलाव थाना क्षेत्र के भुई गांव में वरमाला के दौरान दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के लौट गई।


दरअसल, जयमाला के समय दुल्हन थाली में मिठाई लिए थी। उसी दौरान दूल्हा दोनों हाथों से मिठाई खाने लगा। जिससे उसके मानसिक रोगी होने का पता चला। तब दुल्हन और उसके परिजनों ने दूल्हा बदलने का आरोप लगाते हुए शादी से इंकार कर दिया। दिए गए उपहारों को लौटाने के लिए परिवार ने बारातियों को बंधक बना लिया। पुलिस के पहुंचने पर हंगामा रुका। इसके बाद दोनों पक्षों में सुलह कराया गया। फिर बिन दुल्हन के बारात लौट गई।

बताया गया कि भुई की रहने वाली लड़की की शादी नूरसराय के झामावरा निवासी विनीत कुमार रक्षक के साथ तय हुई थी। जयमाला के दौरान दूल्हा दोनों हाथों से मिठाई उठाकर खाने लगा। दुल्हन को थोड़ा अटपटा लगा। बगल में खड़ी लड़कियों से उसने कुछ पूछा। मगर, दूल्हे की हरकत को देखते हुए दुल्हन समझ गई कि कुछ गड़बड़ है। फिर तो उसने शादी से ही मना कर दिया। लड़की के घर वाले भी उसके सपोर्ट में आ गए। वे कहने लगे कि जब रिश्ता तय हुआ था तो उन्हें ये बात नहीं बताई गई कि दूल्हा मानसिक रोगी है। जयमाला के दौरान उसकी हरकतों से पता चला। ऐन वक्त पर दूल्हे की पोल खुल गई और लड़की की जिंदगी बच गई।