BPSC 72वीं में रिकॉर्ड आवेदन, 1189 सीटों के लिए 5 लाख से ज्यादा युवाओं की दावेदारी
आंकड़ों पर नजर डालें तो एक सीट के लिए औसतन 433 उम्मीदवार मैदान में हैं। ऐसे में बीपीएससी की यह परीक्षा राज्य की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक बनती दिख रही है।
पिछले साल हुई 71वीं परीक्षा की तुलना में इस बार करीब 44 हजार अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। माना जा रहा है कि बढ़ी हुई रिक्तियों और सरकारी नौकरी के प्रति युवाओं के बढ़ते आकर्षण की वजह से आवेदन संख्या में बड़ा उछाल आया है।
दिलचस्प बात यह रही कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने अंतिम समय में आवेदन किया। आयोग के पोर्टल पर आखिरी दो दिनों में आवेदन की बाढ़ आ गई। सिर्फ 30 मई को करीब 90 हजार से अधिक फॉर्म जमा हुए, जबकि अंतिम दिन यानी 31 मई को लगभग 91 हजार से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए।
स्थिति यह रही कि अंतिम घंटों में हर घंटे हजारों छात्र पोर्टल पर लॉगिन कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करते रहे। भारी ट्रैफिक के बावजूद आयोग का ऑनलाइन सिस्टम सुचारु रूप से काम करता रहा।
बीपीएससी ने इस दौरान अभ्यर्थियों को महत्वपूर्ण सलाह भी दी है। आयोग ने कहा कि बार-बार सूचना और रिमाइंडर जारी करने के बावजूद अधिकांश छात्र अंतिम समय तक इंतजार करते हैं, जिससे तकनीकी दबाव बढ़ जाता है। आयोग ने भविष्य में समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
अब लाखों अभ्यर्थियों की नजर आगामी परीक्षा तिथि और तैयारी की रणनीति पर टिकी हुई है। इस बार की परीक्षा को लेकर राज्यभर में प्रतिस्पर्धा का माहौल और भी गर्म हो गया है।