46,882 पदों पर बहाली, TRE-4 का ऐलान तय… क्या फिर सड़कों पर उतरेंगे अभ्यर्थी?

 
Bihar news: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद अब शिक्षक भर्ती प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। लंबे समय से नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। बिहार लोक सेवा आयोग जल्द ही शिक्षक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी करने जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार आयोग 20 अप्रैल तक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर सकता है। इसके तहत कुल 46,882 पदों पर बहाली की जाएगी। हालांकि, अभ्यर्थी 1 लाख पदों पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं, ऐसे में कम पदों को लेकर नाराजगी भी बढ़ती दिख रही है और आंदोलन की आशंका जताई जा रही है।

आवेदन से परीक्षा तक पूरा शेड्यूल तय
जारी संभावित कार्यक्रम के मुताबिक, उम्मीदवार 26 से 30 अप्रैल के बीच ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं, परीक्षा का आयोजन 22 से 27 सितंबर के बीच प्रस्तावित है। आयोग ने तैयारी लगभग पूरी कर ली है।

अब सभी 38 जिलों का विकल्प भरना जरूरी
इस बार भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अभ्यर्थियों को राज्य के सभी 38 जिलों का प्राथमिकता क्रम भरना अनिवार्य होगा। अगर कोई उम्मीदवार जिला विकल्प नहीं भरता है, तो उसका आवेदन सीधे रद्द कर दिया जाएगा। यह व्यवस्था सिविल सेवा परीक्षा के पैटर्न पर लागू की गई है।

मेरिट के साथ ‘जिला सिस्टम’ भी अहम
नई व्यवस्था के तहत अगर मेरिट के आधार पर आवंटित जिले में सीट उपलब्ध नहीं होती है, तो अभ्यर्थी का चयन नहीं हो पाएगा। यानी इस बार केवल अंक ही नहीं, बल्कि जिला प्राथमिकता भी चयन में अहम भूमिका निभाएगी।

आवेदन प्रक्रिया में भी बदलाव
अब उम्मीदवारों को पहले आवेदन शुल्क जमा करना होगा, उसके बाद ही फॉर्म भरने का लिंक एक्टिव होगा। विभाग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहें।

आपको बता दें कि TRE-4 को लेकर जहां एक ओर लाखों अभ्यर्थियों में उम्मीद जगी है, वहीं पदों की संख्या को लेकर असंतोष भी बढ़ रहा है। अब देखना होगा कि नोटिफिकेशन जारी होने के बाद स्थिति किस दिशा में जाती है।