राजद के वरिष्ठ नेता राजनीति प्रसाद के निधन पर शोक, पार्टी का झंडा आधा झुका
Bihar news: राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद राजनीति प्रसाद के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। सम्मान स्वरूप राजद कार्यालयों में पार्टी का झंडा आधा झुका दिया गया है।
राजद नेताओं ने अपने शोक संदेश में कहा कि राजनीति प्रसाद के निधन से राज्य ही नहीं, बल्कि समाजवादी आंदोलन को अपूरणीय क्षति हुई है। वे कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और मृदुभाषी व्यक्तित्व के धनी थे। एक कुशल संगठनकर्ता के साथ-साथ वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। पार्टी के अधिवक्ता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।
लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के अलावा सांसद डॉ. मीसा भारती, प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगदानंद सिंह, उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं ने शोक प्रकट किया है। नेताओं ने दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
राजद के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि राजनीति प्रसाद लंबे समय से अस्वस्थ थे और पटना के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में शोक व्याप्त हो गया।
राजद परिवार ने कहा कि राजनीति प्रसाद का योगदान और उनकी स्मृतियां पार्टी के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।