राजद विधायक ओसामा शहाब पर चंदन सिंह की हत्या की साजिश का आरोप, सीवान में प्राथमिकी दर्ज

 
Bihar News: बिहार के सीवान जिले के एमएच नगर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में रविवार की देर रात ऑटो व स्कॉर्पियों के बीच साइड लेने के क्रम में हुए विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट के सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। उक्त मामले में पुलिस ने तीन प्राथमिकी दर्ज की है। जिसमें एक प्राथमिकी राजद विधायक ओसामा शहाब पर चंदन सिंह की हत्या की साजिश रचने का आरोप में है। 

राजद विधायक ओसामा शहाब सीवान के मरहूम सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के पुत्र हैं। जिसपर पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अजय कुमार सिंह द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक विधि-सम्मत कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि थाना को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सेमरी में ऑटो एवं स्कॉर्पियो चालक के बीच साइड लेने के क्रम में टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। घटना के दौरान ऑटो चालक के पक्ष में कुछ स्थानीय ग्रामीण उग्र हो गए तथा स्कॉर्पियो पर ईंट-पत्थर से जानलेवा हमला करने लगे। सूचना मिलते ही एमएच नगर थाना पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया तथा उग्र भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया गया।

इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सुनियोजित तरीके से पथराव किया गया एवं पुलिस कार्य में बाधा उत्पन्न की गई, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार पीएचसी एमएच नगर में कराया गया है। प्राथमिक जांच में यह ज्ञात हुआ कि एमएच नगर थाना क्षेत्र के डीवी निवासी चंदन सिंह स्कॉर्पियो में अपने सहयोगियों के साथ सवार थे। वहीं, उग्र भीड़ में डब्लू खान एवं उनके समर्थक शामिल थे, जिनके इशारे पर मामूली विवाद को उग्र रूप दिया गया। दोनों पक्षों के बीच पूर्व से राजनीतिक कारणों से विवाद चलने की बात भी सामने आई है। चंदन सिंह एवं डब्लू खान का पूर्व से अपराधिक इतिहास रहा है। ऑटो चालक द्वारा बताया गया कि चंदन सिंह एवं उसके साथियों द्वारा उसपर फायरिंग की गई है।

चंदन सिंह ने अपने प्राथमिकी में बताया कि पांच अप्रैल के दिन रविवार को एक कार्यक्रम से घर लौट रहा था। उसी दौरान पहले से घात लगाये अत्याधुनिक हथियार से लैस होकर अयनुल हक, मैनुदिन मिया द्वारा गोली चलाया गया। जिससे मैं बाल बाल बच गया। इस घटना कि साजिश पहले से ही मेरी हत्या कराने के लिए डब्लू खां व ओसामा शहाब रघुनाथपुर राजद विधायक के द्वारा रची गई थी। कई राउंड गोली मेरे ऊपर चलाई गई। जिसमे मेरी तीनों स्कॉर्पियों गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।