राजद विधायक ओसामा शहाब पर भूमि विवाद, मारपीट और सीसीटीवी तोड़ने का आरोप; डॉक्टर ने दर्ज कराई प्राथमिकी
उन्होंने महादेवा थाना में आवेदन देकर रघुनाथपुर से राजद विधायक ओसामा शहाब पर आरोप लगाया है कि ओसामा के कहने पर महादेवा थाना क्षेत्र के झुनापुर स्थित मेरे भूमि पर किए जा रहे चारदीवारी के निर्माण कार्य में व्यवधान किया गया। कर्मी के साथ मारपीट की गई और सीसीटीवी कैमरा तोड़कर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहने की धमकी दी गई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिकी में पीड़ित चिकित्सक ने बताया कि सात सितंबर 2024 को भूमि अर्जित की, इसके बाद उक्त भूमि की जमाबंदी अंचल कार्यालय द्वारा विधिवत कार्रवाई करते हुए मेरे एवं मेरे पति के संयुक्त नाम से अंचल कार्यालय के पंजी दो में कायम की गई। करीब तीन माह पूर्व में उक्त भूमि में निर्माण कार्य शुरू किया गया। चारों तरफ से 12 फीट उंची दीवार के रूप तथा एक कमरा तैयार किया गया। इसी बीच ओसामा शहाब द्वारा यह दावा किया गया कि जिस भूमि में मैं निर्माण कार्य करा रही हूं, उस भूमि का मैंने भी बैनामा कराया है। इस पर मुकदमा भी चल रहा है, इसलिए निर्माण कार्य बंद कर अपना कागजात मुझे दें, ताकि मैं भी समझ लूं कि किसका कागजात सही है।
पीड़िता ने कहा, मेरे तरफ से अपने बैनामा से संबंधित कागजात ओसामा शहाब को तुरंत उपलब्ध करा दिया था। जिसके बाद ओसामा द्वारा आश्वस्त भी किया गया कि यदि आपका दस्तावेज सही होगा तो आप निर्माण कर सकते हैं, मुझे कोई आपत्ति नहीं होगी। इसके बाद मेरे पति द्वारा ओसामा से व्यक्तिगत तथा मोबाइल से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन ओसामा से न तो संपर्क ही हो सका न स्वयं ओसामा द्वारा कोई जवाब ही दिया गया।
पीड़ित के मुताबिक, इसके बाद मैंने निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इसी बीच 14 अप्रैल को ओसामा द्वारा मेरे पति के मोबाइल पर कॉल कर निर्माण कार्य को बंद करने को कहा गया। मेरे पति ने ओसामा से काम बंद करने का कारण पूछा तो ओसामा के 30 से 40 गुंडे घातक हथियारों से लैस होकर स्थल पर पहुंचकर मेरे कर्मियों पर साथ जानलेवा हमला कर मारपीट करना शुरू कर दिए।
इसी क्रम में फरहान व साबिर नाम के दो व्यक्ति आए और मेरे कर्मियों के मोबाइल को छीन लिए तथा सीसी कैमरा को भी तोड़कर अपनी गाड़ी में रख लिए। इतना ही नहीं, उक्त लोगों द्वारा मेरे कर्मियों की कटर मशीन एवं अन्य सभी सामान भी जबरन छीन ली गई। फरहान एवं साबिर ने धमकी देते हुए गोरखपुर वापस जाने को कहा। इसके पूर्व भी ओसामा के उक्त दोनों गुर्गे काम रुकवाने के लिए आए थे। पुलिस इस मामले को अपने स्तर से जांच कर रही है।