सीवान में छात्रों पर गोलीकांड को लेकर तेजस्वी यादव का बड़ा ऐलान, 19 अगस्त को पटना में राजद निकालेगा मार्च
Bihar news: सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर AK-47 से फायरिंग के मामले ने बिहार की सियासत को और गरमा दिया है। इस मुद्दे पर अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरने का फैसला किया है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आंदोलन की घोषणा की।
तेजस्वी यादव ने बताया कि 19 अगस्त को पटना में राजद मुख्यालय से लोकभवन तक मार्च निकाला जाएगा। वीरचंद पटेल पथ स्थित पार्टी कार्यालय से प्रस्तावित इस मार्च में राजद के सांसद, विधायक, विधान पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में विपक्षी दलों को भी शामिल होने का न्योता दिया जा रहा है।
‘बिहार को पुलिसिया स्टेट नहीं बनने देंगे’
तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार को पुलिसिया स्टेट बनने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने सीवान की घटना को गंभीर बताते हुए सवाल उठाया कि छात्रों पर कथित तौर पर AK-47 से गोली चलाने का आदेश आखिर किसके निर्देश पर दिया गया था।
राजद नेता ने कहा कि विपक्ष के दबाव के बाद एक सिपाही को निलंबित किया गया, लेकिन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और संबंधित एसपी पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए।
राहुल गांधी और अखिलेश यादव का जताया आभार
तेजस्वी यादव ने इस मुद्दे को संसद में उठाने के लिए राहुल गांधी और अखिलेश यादव का आभार जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को लेकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि घटना में घायल छात्रों से मिलने के लिए मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री क्यों नहीं पहुंचे। तेजस्वी ने कहा कि यदि इस घटनाक्रम में किसी निर्दोष छात्र की जान चली जाती तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता?
DGP से मुलाकात के बाद अब सड़क पर आंदोलन
इससे पहले तेजस्वी यादव ने बिहार के डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात कर सीवान के एसपी सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। अब राजद ने इसी मुद्दे को लेकर सड़क पर आंदोलन की रणनीति तैयार की है।
राजद का आरोप है कि 25 जुलाई को सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में कथित तौर पर AK-47 का इस्तेमाल किया गया, लेकिन घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पार्टी इसी मामले में सरकार से जवाब और जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद मीसा भारती, अभय कुशवाहा और सुरेंद्र यादव भी मौजूद रहे। 19 अगस्त का प्रस्तावित मार्च अब इस मुद्दे पर राजद के बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।